akhbaar update

भूत-प्रेत भगाने के नाम पर ठगी, सास-बहू के जेवर और 20 हजार रुपए लेकर फरार हुआ कथित ओझा

 


जबलपुर।  अधारताल थाना क्षेत्र स्थित खैरी गांव में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। यहां भूत-प्रेत का डर दिखाकर एक कथित ओझा सास-बहू के सोने के जेवर और 20 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार खैरी गांव निवासी किरण गोटिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे पंचम चौहान अपने साथ एक अज्ञात व्यक्ति को लेकर उसके घर पहुंचा। पंचम उसके बेटे का परिचित बताया गया। घर पहुंचते ही दोनों ने कहा कि उनके घर पर भूत-प्रेत का साया है और पूजा-पाठ कर उतारा करना पड़ेगा।

किरण गोटिया ने बताया कि आरोपी ने उसे एक खाली पेटी और चादर लाने के लिए कहा। इसके बाद जमीन पर बैठाकर नींबू और नारियल से कथित पूजा शुरू की गई। इसी दौरान आरोपी ने कहा कि पेटी में पैसे दिखाई दे रहे हैं और पूजा के लिए गले में पहने सोने के जेवर भी उतारने होंगे। झांसे में आकर महिला ने अपनी सोने की पांचाली और बहू सरिता प्रजापति का सोने का पेंडल भी आरोपी को दे दिया।

इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ के नाम पर 20 हजार रुपए मांगे। महिला ने अपने पास रखे 3 हजार रुपए दिए, जबकि बाकी रकम बेटे रोशन ने उधार लेकर दी। रुपए और जेवर लेने के बाद आरोपी यह कहकर वहां से चले गए कि नारियल ठंडा करके वापस आते हैं और फिर उतारा करेंगे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार को ठगी का अहसास हुआ।

घटना की शिकायत मिलने के बाद अधारताल पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी पंचम चौहान और उसके साथी की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update