जबलपुर - विजय नगर स्थित महाराजा अग्रसेन वार्ड के अग्रसेन कल्याण मंडपम में 31 मई से 2 जून 2026 तक तीन दिवसीय ऐतिहासिक प्रिंट पैक एक्सपो 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बड़े व्यापारिक मेले का आयोजन Hunting Basket Retail Chain Limited द्वारा किया जा रहा है। आयोजन की रूपरेखा संस्था की डायरेक्टर संध्या बोरकर और अनुराग अग्रवाल के नेतृत्व में तैयार की गई है।
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महाकौशल और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय व क्षेत्रीय उद्यमियों को प्रिंटिंग और पैकेजिंग उद्योग में हो रहे आधुनिक तकनीकी बदलावों, नई डिजाइन प्रणालियों और पर्यावरण अनुकूल नवाचारों से परिचित कराना है। आयोजन के माध्यम से छोटे और बड़े व्यापारियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग मजबूत करने और आधुनिक तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी में कॉरपोरेट गिफ्टिंग, गारमेंट पैकेजिंग, प्लास्टिक, फार्मा, फूड और फ्लेक्सिबल पैकेजिंग से जुड़े कई उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा आधुनिक प्रिंटर, प्लॉटर, फोटोकॉपी सॉल्यूशन, लेबल प्रिंटर्स और कस्टमाइज्ड तकनीकों की झलक भी देखने को मिलेगी। आगंतुकों के लिए पेपर, जूट, नॉन-वुवेन और सूती कैरी बैग, ई-कॉमर्स बॉक्स, मिठाई और कॉस्मेटिक पैकेजिंग सहित कई आधुनिक पैकेजिंग विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
मेले में डिजिटल मीडिया और विज्ञापन सेवाओं को भी विशेष स्थान दिया गया है। यहां साइन बोर्ड, फ्लेक्स बैनर, शॉप ब्रांडिंग, आउटडोर विज्ञापन, ग्राफिक डिजाइनिंग और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े विशेषज्ञ अपनी सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही आरएफआईडी लेबल, बारकोड लेबल, जिप-लॉक पाउच, वैक्यूम पैकेजिंग और आधुनिक कंटेनर तकनीकों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
यह पूरा आयोजन वातानुकूलित हॉल में होगा। एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। आयोजकों ने स्टॉल बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिसमें व्यापारियों के लिए मानक, कॉर्नर और कस्टमाइज्ड स्टॉल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।