akhbaar update

पाण्डुताल मैदान में ग्रीष्मकालीन क्रिकेट शिविर बना आकर्षण का केंद्र, 130 खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण

 



जबलपुर: एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में रामपुर स्थित पाण्डुताल मैदान में आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर इन दिनों शहर के नवोदित क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में बच्चों की भागीदारी के चलते यह शिविर नगर का सबसे बड़ा क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर बन गया है।

शिविर की विशेष बात यह है कि प्रशिक्षणार्थियों को परिषद की ओर से बैट, गेंद, ग्लब्स, पैड सहित क्रिकेट से जुड़ा जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया है। इससे खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव फिरोज कुमार मेश्राम ने मैदान पहुंचकर प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिविर में बच्चे अनुशासन और समर्पण के साथ मेहनत कर रहे हैं, जो भविष्य के लिए अच्छा संकेत है।

शिविर में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के कुल 130 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 12 लड़कियां भी शामिल हैं। खिलाड़ियों को दो आयु वर्गों में बांटकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 8 से 12 वर्ष तक के बच्चों को पूर्व स्टेट लेवल अंपायर हेमंत पोतदार, पीके सेन और अमित यादव प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अनिल शर्मा, कुशलपाल सिंह, इकबाल खान, तरुण विजयकर और विनोद राजपूत क्रिकेट की बारीकियां सिखा रहे हैं।

प्रशिक्षण के लिए मैदान में चार सीमेंट विकेट पर नेट्स लगाए गए हैं। शिविर में प्रतिदिन शारीरिक प्रशिक्षण के साथ बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की तकनीकों पर विशेष अभ्यास कराया जा रहा है। खिलाड़ियों को बल्लेबाजी में ग्रिप, स्टांस, बैक लिफ्ट, डिफेंस और ड्राइव सिखाया जा रहा है, जबकि गेंदबाजी में रन-अप, स्विंग और स्पिन की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके अलावा कैचिंग और ग्राउंड फील्डिंग का अभ्यास भी कराया जा रहा है।

शिविर के दौरान बच्चों को क्रिकेट के नियमों की जानकारी भी दी जा रही है। यह प्रशिक्षण शिविर 31 मई तक संचालित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update