नरसिंहपुर। कांग्रेस कमेटी ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर देवंती परते को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और जोरदार प्रदर्शन किया।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि नरसिंहपुर एक कृषि प्रधान जिला है, जहां किसान लंबे समय से कई परेशानियों का सामना कर रहे हैं और उनका जल्द समाधान जरूरी है।
ये प्रमुख मांगें उठाईं
गेहूं खरीदी में हो रही देरी खत्म कर तुरंत खरीदी शुरू की जाए
गेहूं और चना की MSP पर खरीदी सुनिश्चित हो और समय पर भुगतान किया जाए
सभी खरीदी केंद्र जल्द शुरू हों और बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था हो
गेहूं खरीदी की लिमिट समाप्त की जाए
इसके अलावा, सोसाइटी भुगतान न कर पाने वाले किसानों को राहत देने के लिए अंतिम तिथि बढ़ाने, मूंग और मसूर की MSP पर खरीदी, किसानों की कर्जमाफी और बिजली विभाग की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “डबल इंजन सरकार” के बावजूद किसानों की हालत बिगड़ती जा रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।