जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी–सिंगरौली रेलखंड में गजरा बहरा और सरईग्राम रेलवे स्टेशनों के बीच सोमवार 13 अप्रैल की देर रात अचानक ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन टूट गई। इस घटना से रेलखंड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और कई ट्रेनें जहां-तहां रुक गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे एक मालगाड़ी डाउन लाइन से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक दल और ट्रेन मैनेजर ने किलोमीटर 1290/21 के पास ओएचई लाइन टूटी हुई देखी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नजदीकी रेलवे स्टेशनों को दी, जिसके बाद एहतियातन अप लाइन पर भी रेल यातायात रोक दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस घटना में कम से कम तीन मालगाड़ियां प्रभावित हुईं, जो लंबे समय तक विभिन्न स्थानों पर खड़ी रहीं।
कई घंटों तक चला सुधार कार्य
घटना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर ओएचई लाइन सुधारने का कार्य शुरू किया, जो कई घंटों तक चलता रहा। मंगलवार 14 अप्रैल की तड़के मरम्मत कार्य पूरा किया जा सका, जिसके बाद अप लाइन पर धीरे-धीरे रेल यातायात बहाल किया गया।
फिलहाल, ओएचई लाइन टूटने के कारणों की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।