जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षा परिणामों में संस्कारधानी जबलपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के कुल 8 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न संकायों में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों और विद्यार्थियों के घरों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।
12वीं में पांच विद्यार्थियों ने बनाई जगह
हायर सेकेंडरी परीक्षा में जबलपुर के पांच विद्यार्थियों ने अलग-अलग संकायों में मेरिट में स्थान प्राप्त किया। कला संकाय में अल्फिया अंजुम ने प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान (गणित) समूह में सिहोरा के शासकीय स्कूल की छात्रा पूर्वी गोलहानी ने 8वीं रैंक प्राप्त की।
वाणिज्य संकाय में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की अनम अंसारी ने 10वां स्थान पाया। वहीं जीव विज्ञान समूह में इसी स्कूल की कृति पांडे ने 8वीं और छात्र ओम चौकसे ने 10वीं रैंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
10वीं में भी तीन छात्र टॉप सूची में शामिल
हाई स्कूल परीक्षा में भी जबलपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की श्रेया जैन ने प्रदेश में 4था स्थान प्राप्त किया। शासकीय रानी दुर्गावती कन्या स्कूल गढ़ा की शुभी सैनी ने 6ठा और ब्रह्म ऋषि नर्मदा विद्यापीठ के अभिषेक मिश्रा ने 7वां स्थान हासिल किया।
शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ी जिले की साख
इन परिणामों ने यह साबित किया है कि जबलपुर के शासकीय और निजी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। खासतौर पर पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल के कई छात्रों का मेरिट में आना संस्थान की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाता है।
सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय नियमित पढ़ाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। वहीं अधिकारियों ने सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।