भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी अब तेज होने लगी है। अप्रैल महीने में ही कई जिलों का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। भोपाल समेत कई शहरों में पिछले 24 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ा है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी छतरपुर के खजुराहो में रही, जहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा उमरिया, टीकमगढ़, मंडला, दतिया, दमोह और गुना जैसे कई जिलों में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। करीब 9 शहरों में तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने आज 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, रतलाम, रायसेन, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, सिवनी, पन्ना और निवाड़ी शामिल हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों का समय भी बदल दिया है। भोपाल सहित 13 जिलों में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगे। यह फैसला बच्चों को गर्मी और लू से बचाने के लिए लिया गया है।
सरकार का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अन्य जिलों में भी स्कूलों का समय बदला जा सकता है। फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं।