इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। राजबाड़ा इलाके के पास एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। घर के बाहर खड़ी एक ईवी (इलेक्ट्रिक) कार चार्जिंग पर लगी थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से कार में आग लग गई, जो तेजी से पूरे घर तक फैल गई।
बताया जा रहा है कि घर में गैस सिलेंडर भी रखे थे। आग पहुंचते ही सिलेंडरों में धमाके होने लगे। एक के बाद एक कई ब्लास्ट हुए, जिससे आग और भड़क गई और घर का एक हिस्सा भी ढह गया।
हादसे के समय घर में सभी लोग सो रहे थे, इसलिए उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक घटना में मनोज पुगलिया समेत परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं सौरभ, आशीष और हर्षित पुगलिया गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मौके पर कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, और शुरुआती कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।