जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात प्रेम संबंधों को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बड़ी हिंसक वारदात में बदल गया। इस घटना में 17 वर्षीय एक किशोर की जान चली गई, जो केवल विवाद सुलझाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा था। वहीं, दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस जांच के अनुसार, पूरे घटनाक्रम के पीछे घमापुर के लाल मिट्टी निवासी 22 वर्षीय क्रिश कुमार, बेदी नगर निवासी यशराज और एक युवती के बीच चल रहा आपसी विवाद है। बताया जा रहा है कि क्रिश कुमार का युवती के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था, जो कुछ समय पहले टूट गया था। इसके बाद युवती की सोशल मीडिया के जरिए यशराज से दोस्ती हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
इस बात से नाराज क्रिश कुमार लगातार युवती पर पुराने संबंध दोबारा शुरू करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती ने इससे इनकार कर दिया। शुक्रवार को गौरीघाट पर जवारे विसर्जन के दौरान क्रिश और युवती के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद युवती ने यशराज को फोन कर पूरी जानकारी दी।
फोन पर ही क्रिश और यशराज के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों ने मदनमहल स्टेशन के पास मिलने का समय तय किया। तय स्थान पर पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और हथियार चलने लगे।
इसी दौरान वहां मौजूद 17 वर्षीय किशोर ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर ही जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हमले में क्रिश और उसका एक साथी भी घायल हो गए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।