जबलपुर। जल स्रोतों को बचाने और सुंदर बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम शुरू हो गया है। डॉ. मोहन यादव के जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर में गौर नदी और माढ़ोताल तालाब के सुधार का काम शुरू किया गया है। इस पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
कई तालाबों का काम जारी
शहर के 5 बड़े तालाबों को भी सुधारने का काम चल रहा है। इसमें हनुमानताल, अधारताल, रानीताल और सूपाताल में तेजी से काम हो रहा है, जबकि गंगासागर तालाब के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि शहर में जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण दोनों पर ध्यान दिया जा रहा है।

गौर नदी को पुराने रूप में लाने की तैयारी
नगर निगम का लक्ष्य है कि 30 जून तक गौर नदी को पहले जैसा बनाया जाए, जिससे लोगों को इसका फायदा मिल सके। इसके साथ ही माढ़ोताल तालाब में बड़े स्तर पर श्रमदान भी कराया जाएगा।
शहर के चौराहों और एंट्री पॉइंट का होगा विकास
शहर के मुख्य चौराहों और प्रवेश मार्गों को भी सुंदर बनाया जा रहा है। यहां फाउंटेन, लाइटिंग, पौधारोपण और पेंटिंग जैसे काम किए जाएंगे। कई प्रमुख चौकों पर यह काम शुरू भी हो चुका है।
अंडरब्रिज और पुलों का भी सौंदर्यीकरण
करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से शहर के कई रेलवे अंडरब्रिज और पुलों को नया रूप दिया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
माढ़ोताल तालाब की सफाई के दौरान आशीष दुबे, डॉ. अभिलाष पाण्डेय समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर श्रमदान किया और लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया।