akhbaar update

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चलती कार में लगी आग, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

 


जबलपुर।  सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एसपी बंगले के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की ब्रेजा कार (MP 20 ZJ 0374) लोहिया पुल से सिविल लाइन की ओर जा रही थी। जैसे ही कार एसपी बंगले के पास पहुंची, उसमें अचानक आग भड़क उठी। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोकी और सभी सवार सुरक्षित बाहर निकल गए।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और राहगीरों ने अपनी गाड़ियां दूर खड़ी कर लीं।

घटना के दौरान एसपी बंगले में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से करीब 15 से 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने में आरक्षक शिवराज, सौरभ तिवारी, दीपक कनौजिया, मुकेश परिहार और पवन तिवारी की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update