जबलपुर। 5 मार्च गुरुवार दोपहर के समय हनुमानताल थाना क्षेत्र के सिंधी कैंप बाबा टोला में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार के लोग रिश्तेदार के घर गए हुए थे।
पुलिस के अनुसार सिंधी कैंप बाबा टोला निवासी लकी दुबे (26) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। लकी दुबे ड्राइवरी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी प्राची दुबे के साथ घर में ताला लगाकर अपनी दीदी सीमा तिवारी के घर पप्पू चौगड्डा गए थे।
कुछ देर बाद जब दोनों वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला । अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर आलमारी में रखे करीब 17 से 18 हजार रुपये नगद, सोने का एक मंगलसूत्र, एक पंचाली, दो अंगूठियां, एक झुमका तथा चांदी की पायल और चांदी का शिवलिंग गायब मिले।
परिजनों के अनुसार अज्ञात चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है।