akhbaar update

लटकते बिजली तार बने ‘डेथ ट्रैप’, विभाग की लापरवाही से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

 


जबलपुर। संस्कारधानी के नवनिवेश कॉलोनी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर झूल रहे बिजली के तार लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। रुद्रक्ष पार्क के सामने सड़क के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें काफी नीचे आ गई हैं, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों में हर समय हादसे का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले करीब दस दिनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायत के बाद भी बिजली विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

सिर के ऊपर लटक रहे बिजली के तार

नवनिवेश कॉलोनी में रुद्रक्ष पार्क के सामने सड़क से गुजरना इन दिनों जोखिम भरा हो गया है। सड़क के ऊपर से गुजर रही बिजली की चालू लाइनें इतनी नीचे झूल रही हैं कि पैदल चलने वालों के सिर से कुछ ही दूरी पर रह गई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर दिन लोग डर के बीच इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं किया गया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासी जितेंद्र साहू, शुभम साहू और चंदन कोरी का कहना है कि विभाग को जल्द ही इन झूलते तारों को ठीक कराना चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

कई कॉलोनियों के लोगों का आना-जाना

इस मार्ग से नवनिवेश कॉलोनी के साथ-साथ भूकंप कॉलोनी, दुर्गा नगर, श्याम नगर, शांति नगर और महावीर नगर के हजारों लोग रोजाना आवागमन करते हैं। यहां से स्कूल वैन और ऑटो भी गुजरते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द झूल रहे तारों को ठीक कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update