जबलपुर। राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के मामलों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
समीक्षा के दौरान अन्य लंबित मामलों को भी तेजी से निपटाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने राजस्व और खनिज विभाग से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देते हुए समय पर राजस्व वसूली सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने और सीलिंग से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
साथ ही साइबर तहसील के लंबित प्रकरण, किसान पंजीयन और अवमानना से जुड़े मामलों में भी लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
खनिज संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जब्त की गई रेत को पास के जिलों के संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने की बात कही गई। बैठक में अभिषेक गहलोत सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।