मंडला। जबलपुर-मंडला राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार 21 मार्च की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसवाही के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और काफी तेज रफ्तार में जा रहे थे। भैंसवाही के पास अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बाइक सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
रात में पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस को काफी परेशानी हुई, लेकिन रविवार सुबह चारों मृतकों की पहचान कर ली गई। मृतकों के नाम हैं—
प्रमोद कुमार नरेती (24), निवासी रमतिला, बीजाडांडी
संतलाल उइके (23), निवासी ग्राम बस्तरी, निवास
शिवम यादव (17), निवासी टिकरिया (मूल निवासी बिछिया कुरई)
गंगा राम उइके (22), निवासी टिकरिया
घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे परिसर में शोक का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, चारों युवकों का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।