जबलपुर। शहर के रांझी सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा विस्तार किया जा रहा है। करीब 24 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरों का नया एक्सटेंशन भवन तैयार किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य का निरीक्षण राघवेन्द्र सिंह (कलेक्टर) ने किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए। नए भवन में दो आधुनिक ऑपरेशन थियेटर और लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने अधिकारियों से चर्चा में बताया कि निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। बिजली कनेक्शन से जुड़ी कुछ तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं, जिन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।
इस दौरान डॉ. संजय मिश्रा (मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी) ने जानकारी दी कि अस्पताल में नई सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीन लगाई जा रही है। साथ ही एक आधुनिक पैथोलॉजी लैब भी स्थापित की जा रही है।
गौरतलब है कि पहले अस्पताल में 50 बिस्तरों की सुविधा थी, लेकिन नया ग्राउंड प्लस फोर भवन बनने के बाद 50 बिस्तर और बढ़ जाएंगे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोनिका बाघमारे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।