akhbaar update

भारत के साथ मैच खेलने के लिए तैयार हुआ पाकिस्तान





 नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा चूंकि पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश और श्रीलंका के समझाने के बाद इस मैच के बहिष्कार का फैसला वापिस ले लिया है और इसके साथ ही टूर्नामेंट में जारी गतिरोध भी खत्म हो गया है । भारत और पाकिस्तान के बीच मैच कोलंबो में 15 फरवरी को होना है ।

पाकिस्तान सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ बहुपक्षीय बातचीत के नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध के बाद पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप का अपना निर्धारित मैच खेलने मैदान पर उतरे ।’’ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने इससे पहले जारी एक बयान में पाकिस्तान से क्रिकेट के हित में यह मैच खेलने का अनुरोध किया था । इसके बाद ही स्पष्ट हो गया था कि पाकिस्तान यह मैच खेलेगा।


भारत-पाक मैच पर पाकिस्तान सरकार झुकी

पाकिस्तान सरकार के बयान में कहा गया ,‘‘ यह फैसला क्रिकेट की भावना की रक्षा और सभी प्रतिभागी देशों में इस वैश्विक खेल की निरंतरता का समर्थन करने के मकसद से लिया गया है ।’’ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका से राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके का भी फोन आया था जिन्होंने उनसे बहिष्कार का फैसला वापिस लेने का अनुरोध किया था । इसमें कहा गया ,‘‘श्रीलंका के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री से मौजूदा गतिरोध को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया था ।’’

सरकार का बयान आने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने शरीफ को आईसीसी से रविवार को हुई उनकी और इस्लाम की बातचीत का ब्यौरा दिया । नकवी ने इससे पहले कहा था कि अंतिम फैसला आने में एक दिन लगेगा । उन्होंने कहा था ,‘‘ बांग्लादेश सही था लिहाजा हमे उसका साथ देना ही था ।’’ भारत में सुरक्षा कारणों से खेलने से इनकार के बाद बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया गया था ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update