मंडला - टिकरिया क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक सुमित काछी जबलपुर का रहने वाला था और उसकी शादी मंडला की जमुना उर्फ कविता से हुई थी। शादी के बाद दोनों का जीवन सामान्य चल रहा था, लेकिन बाद में महिला का पड़ोस के मंदिर के पुजारी सूर्यकांत से प्रेम संबंध हो गया। जब पति को इस बात का पता चला तो घर में विवाद बढ़ने लगे।
बताया जा रहा है कि 14 फरवरी को सुमित अपनी पत्नी के साथ मंडला जा रहा था। रास्ते में मधुवन ढाबा के पास रुके जहा महिला का प्रेमी पहले से मौजूद था। वहीं तीनों के बीच झगड़ा हुआ और प्रेमी ने सुमित पर हमला कर दिया। घायल होने पर पत्नी ने सहारा देने का बहाना किया और उसी दौरान प्रेमी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद महिला ने थाने पहुंचकर लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई। कड़ी पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।