akhbaar update

फर्जी रजिस्ट्री मामले में फरार पार्षद पर 5 हजार का इनाम घोषित



जबलपुर।  गोहलपुर थाना क्षेत्र में दर्ज फर्जी रजिस्ट्री मामले में फरार पार्षद शफीक हीरा पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी लंबे समय से फरार बताया जा रहा है।

शिकायतकर्ता अधिवक्ता मोहम्मद अलतमश के मुताबिक उनकी जमीन, जो संजीवनी अस्पताल के पास स्थित है, की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा ली गई। आरोप है कि नकली आधार कार्ड तैयार कर एक महिला की मदद से साजिश रचते हुए जमीन की रजिस्ट्री पार्षद शफीक हीरा ने अपने भांजे यूसुफ जावेद खान के नाम कराई।

पुलिस जांच के दौरान पकड़े गए एक आरोपी ने पूछताछ में पार्षद शफीक हीरा को पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताया है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने का काम कथित रूप से पार्षद के कार्यालय से ही संचालित हुआ।

शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन पर आज भी उनका वैध कब्जा है, इसके बावजूद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के आरोपियों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि पार्षद शफीक हीरा करीब एक माह से फरार है, वहीं यूसुफ जावेद खान भी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पीड़ित अधिवक्ता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update