जबलपुर - बेलबाग थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व विधायक अंचल सोनकर के बेटे राजा सोनकर का सोशल मीडिया में रिवॉल्वर लहराते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि बढ़ते अपराधों के खिलाफ विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में रैली निकाली जा रही थी, रैली जैसे ही पूर्व विधायक के घर के सामने से निकली, तो उसका बेटा राजा रिवॉल्वर हवा में लहराते हुए दिखा था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था, वीडियो वारयल होने के बाद एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने मामले को संज्ञान में लेकर बेलबाग टीआई को जांच सौंपी थी, जांच में जब यह स्पष्ट हुआ, तो आरोपी राजा के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में सिंघई पेट्रोल पंप ब्यौहारबाग के बाजू में बेलबाग स्थित घर के सामने से मंगलवार को कांग्रेसी कार्यकर्ता रैली निकाल रहे थे, तभी भाजपा पूर्व विधायक अंचल सोनकर का बेटा राजा सोनकर घर की बालकनी में आया और उसने रिवॉल्वर ऊपर लहाराते हुए दिखाया, उक्त स्थान सार्वजनिक और पास में ही बच्चों का क्लीनिक व आम मार्ग घमापुर तहसील चौक पर है, जिससे आमजन का आवागमन सुचारु रूप से रहता है।
थाने में दर्ज नहीं है
रिवॉल्वर का लाइसेंस बताया जा रहा है कि आरोपी राजा सोनकर का थाना में पिस्टल, रिवॉल्वर के संबंध में लाइसेंस की जांच की गई, जिसमें राजा के नाम पर लाइसेंस रिकॉर्ड में लेख नहीं पाया गया है। जिसके चलते जो रिवॉल्वर उसने हवा में लहराई वह अवैध है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोपी राजा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।