
जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में एफकन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पी.एड.ए (पर्सनल एंड एडमिनिस्ट्रेशन) से नल जल योजना आपूर्ति में विछाने वाले पाईपों को ट्रकों में लोड कर चोरी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी संपत उपाध्याय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। जिसके बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि 20 जनवरी को एफकन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रबंधक पी.एड.ए (पर्सनल एंड एडमिनिस्ट्रेशन) अनूप वावृ मिश्रा ने लिखित शिकायत की कि हमारी कंपनी एफकन्स इंफास्ट्रक्चर लिमिटेड के द्वारा एमपी जल निगम मर्यादित, (जल निगम) के लिए जल आपूर्ति योजना के तहत जबलपुर मल्टी विलेज योजना के अंतर्गत शहपुरा, सिहोरा, पाटन, पनागर और मझौली तहसील में जल आपूर्ति पाइप बिछाने एवं अन्य सिविल कार्य किए जा रहे हैं। पाटन तहसील अंतर्गत ग्राम रोसरा से ग्राम नुनसर के बीच डली ढ़ावा के सामने 6 एकड जमीन में हमारी कंपनी के पाइप एवं अन्य सामग्री रखे हुए 19 जनवरी की रात एफकन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के उडना स्टोर यार्ड में रखे कुल 83 नग पाइप कुल कीमती करीबन 14,88,509/- को अज्ञात चोर चोरी करके ले गए हैं। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। एसपी संपत उपाध्याय ने मामले में टीम
टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना में प्रयुक्त वाहनों के संबंध में पतासाजी करते हुए जबलपुर से बाहर जाने वाले टोल नाकों से जानकारी प्राप्त की गई। जिसमें पता चला कि चोरी की घटना में प्रयुक्त हुए ट्रक जिनमें पाइप लोड हैं, जबलपुर भोपाल हाइवे होते हुए भोपाल तरफ जा रहे हैं, टीम भोपाल की ओर रवाना की गई, जिसके बाद औबेदुल्लागंज के पास दविश देकर 3 ट्रकों को रोका, जिसमें चोरी के पाइप लोड थे। आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम किडिया नगर गागोदार कच्छ गुजरात निवासी संजय भाई कोली, भिमासर आडेसर कच्छ गुजरात निवासी रविराज मकवाना, भिमासर कच्छ गुजरात निवासी रामजी भीमानी बताया। आरोपियों के पास से तीनों ट्रक जब्त कर अन्य आरोपियों और घटना में प्रयुक्त अन्य दो ट्रकों की तलाश की जा रही है।