जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र की करमेता बस्ती में बुधवार को उस समय दहशत फैल गई, जब 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ बमबाजी कर दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार करमेता बस्ती निवासी सुमित चौबे के घर पर बदमाशों ने हमला किया। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के कुख्यात बदमाश सौरभ यादव द्वारा सुमित चौबे से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जब रकम नहीं दी गई तो बदमाशों ने घर पर हमला कर बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई नकाबपोश युवक अचानक पहुंचे और घर की ओर बम फेंकने लगे। धमाकों की तेज आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। लोग डर के कारण अपने घरों में दुबक गए। कुछ ही मिनटों में हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते बदमाशों पर प्रभावी कार्रवाई की जाती तो इस तरह की घटना नहीं होती।
पीड़ित पक्ष ने माढ़ोताल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया गया है। फुटेज में कुछ नकाबपोश युवक घर के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मुख्य आरोपी सौरभ यादव सहित अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।