akhbaar update

खड़े ट्रक से 100 लीटर डीजल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश; पुलिस कर रही तलाश

 


जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में खड़े लोडिंग वाहन से डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने देर रात वाहन के डीजल टैंक से करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर लिया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्वालियर जिले के बेहट थाना क्षेत्र के रंगवां गांव निवासी 24 वर्षीय गिर्राज श्रीवास आईशर कंपनी का लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी-04 जेडई-7194 चलाता है। वह 19 जून को वाहन लेकर जबलपुर आया था और उमरिया डुंगरिया स्थित एक फैक्ट्री से पाइप लोड कर वापस जा रहा था।

रात करीब 8 बजे वह सूरतालाई क्षेत्र के पास पहुंचा। नींद आने के कारण उसने अपना वाहन भारत पेट्रोल पंप के सामने खड़ा कर आराम करने लगा। देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच सफेद रंग की एक कार से चार अज्ञात युवक आए और मशीन की मदद से वाहन के डीजल टैंक से करीब 100 लीटर डीजल निकालकर डिब्बों में भरकर फरार हो गए।

सुबह उठने पर चालक को डीजल चोरी होने की जानकारी लगी। इसके बाद उसने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें चार युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए। हालांकि कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

माढ़ोताल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update