जबलपुर - केंट थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर बस्ती में देर रात बम से हमला होने से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर कई बम फेंके, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी मारिमा स्वामी अपने बेटे देव स्वामी के साथ घर में सो रही थीं। रात करीब 2:45 बजे मोहल्ले के आशीष फ्रांसिस, गणेश गौड़ और प्रवीण उर्फ सानू कौष्टा वहां पहुंचे और घर पर बम फेंकना शुरू कर दिया।
धमाकों की आवाज सुनकर मारिमा और उनका बेटा बाहर निकले तो इलाके में धुआं फैल चुका था। इसी दौरान तीनों आरोपी भागते हुए दिखाई दिए। हमले में घर के पीछे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर एक बिना फटा बम भी मिला है।
घटना के बाद आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ में पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।