जबलपुर - गौरीघाट रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जबलपुर से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन की टक्कर से कई गाय पुल से नीचे सड़क पर जा गिरीं। इस दौरान नीचे खड़ा एक युवक गाय की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन जैसे ही गौरीघाट स्टेशन के पास पुल पर पहुंची, तभी रेलवे ट्रैक पर घूम रही तीन गाय उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक गाय पुल से नीचे जा गिरी और नीचे मौजूद युवक के ऊपर आ गिरी। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंच गई। घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, क्योंकि वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है।
हादसे में एक गाय की मौत हो गई, जबकि दूसरी गाय घायल हुई है। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल गाय को उपचार के लिए वेटरनरी कॉलेज भेजा, वहीं मृत गाय को हटाने की कार्रवाई की गई।
गौरीघाट थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।