akhbaar update

सफाई कर्मचारी बनकर घर में घुसे युवक, गैस सिलेंडर लेकर फरार

 


जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में सफाई कर्मचारी बनकर आए दो युवकों द्वारा घर से गैस सिलेंडर चोरी करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार रज्जू गुरु अखाड़े के पास रहने वाले डॉ. मृदुल यादव के घर दो युवक पहुंचे। दोनों ने खुद को सफाई कर्मचारी बताते हुए घर की सफाई करने की बात कही। युवकों ने यह भी कहा कि उनकी शिकायत न की जाए, क्योंकि एक दिन पहले ही दो कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

डॉ. यादव ने बताया कि उन्होंने युवकों से कहा कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है और यदि वे सफाई करना चाहते हैं तो कर सकते हैं। इसी दौरान दोनों युवक घर के अंदर पहुंचे और मौका पाकर रसोई गैस सिलेंडर उठाकर स्कूटी में रखकर फरार हो गए।

घटना का पता चलने पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दोनों युवक सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना पुलिस से की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले अखाड़ा क्षेत्र स्थित एक मंदिर से हनुमान जी का मुकुट और दान पेटी तोड़कर नकदी चोरी होने का मामला भी सामने आया था। उस मामले में भी शिकायत दर्ज हुई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update