जबलपुर। छत्तीसगढ़ से गांजे की खेप लाने के मामले में मदनमहल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एक किशोरी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से गांजे से भरा बैग जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ट्रेन में दोस्ती होने के बाद एक महिला ने किशोरी को यह बैग थमाया था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक डिंडौरी निवासी किशोरी को मदनमहल रेलवे स्टेशन के बाहर संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। वह ऑटो का इंतजार कर रही थी और जल्दबाजी में वहां से निकलने की कोशिश कर रही थी। संदेह होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देने लगी।
इसके बाद पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा मिला। गांजा बरामद होने के बाद किशोरी को थाने लाकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह मामले से बचने की कोशिश करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसे जबलपुर निवासी रश्मि नाम की महिला मिली थी, जिसने उसे यह बैग दिया था।
फिलहाल पुलिस महिला की तलाश और मामले की सच्चाई पता लगाने में जुटी हुई है।