जबलपुर: गढ़ा थाना पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और सट्टे से जुड़ा लाखों रुपए का हिसाब-किताब जब्त किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेमनगर में एमजी शोरूम के पीछे स्थित रोमेश गुप्ता के मकान में आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और गढ़ा पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने दो आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयप्रकाश यादव और अमित कुशवाहा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे घमापुर निवासी बल्ली गुप्ता के कहने पर क्रिकेट सट्टा चला रहे थे।
लाखों का हिसाब-किताब और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
पुलिस ने मौके से डेल कंपनी का एक लैपटॉप, पेन ड्राइव, एंड्रॉयड मोबाइल, तीन कीपैड मोबाइल, दो कैलकुलेटर, सट्टा पर्चियां, डायरी, मोबाइल चार्जर, एक्सटेंशन बोर्ड, पेन-पेंसिल और 6200 रुपए नगद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त मोबाइल फोन में सट्टे के लेन-देन और अन्य लोगों के नंबर भी मिले हैं।
बल्ली गुप्ता देता था 15 हजार रुपए महीना
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बल्ली गुप्ता उन्हें हर महीने 15-15 हजार रुपए देता था। सट्टे का पूरा पैसा और हिसाब-किताब वही संभालता था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि उसके इशारे पर शहर में और भी लोग क्रिकेट सट्टा चला रहे हैं।
खुलासे के बाद पुलिस ने घमापुर और धनवंतरी नगर में दबिश दी, लेकिन बल्ली गुप्ता नहीं मिला। फिलहाल उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट की धारा 4(ए) और बीएनएस की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसआई योगेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक हिमलेश वैद्य, अरुण, दिनेश, क्राइम ब्रांच के एएसआई अनिल पांडे, आरक्षक प्रदीप टेकाम, राजेश मिश्रा, राजेश मारते और महिला आरक्षक नीलम तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।