akhbaar update

पमरे मुख्यालय में रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन, कई अहम फैसले

 



जबलपुर - स्थित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ और रेलवे प्रशासन के बीच दो दिवसीय पीएनएम बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेल कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संघ के अध्यक्ष सी.एम. उपाध्याय ने महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के सामने कर्मचारियों की लंबित मांगें रखीं। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में तय किया गया कि भोपाल के निशातपुरा स्थित जोनल रीजनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ZRTI) का उद्घाटन 1 जून 2026 को किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए पारदर्शी नीति बनाने पर भी सहमति बनी। पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों को पदोन्नति के नए अवसर देने और जीडीसीई की रद्द परीक्षाओं के लिए दोबारा नोटिफिकेशन जारी करने का निर्णय लिया गया।

रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया गया। जबलपुर, सतना और कटनी मुड़वारा स्टेशनों के स्टेशन मैनेजर पैनल कक्षों को वातानुकूलित बनाने की बात कही गई। रनिंग रूम में कर्मचारियों को रियायती भोजन के साथ अन्य भोजन विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। दिल्ली और नागपुर के बड़े अस्पतालों से अनुबंध करने की योजना बनाई गई है। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए स्थानीय निजी अस्पतालों से भी समझौता किया जाएगा।

सुरक्षा के लिए ट्रैक मशीन और ब्रिज विभाग के कर्मचारियों को सेफ्टी शूज उपलब्ध कराए जाएंगे। खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्पोर्ट्स सेल बनाने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update