जबलपुर - घमापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। घरों में काम करने वाली 38 वर्षीय आरती चौधरी का शव एक सूने मकान में मिला है। घटना के बाद से आरोपी मकान मालिक फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अतुल कोरी के मकान का दरवाजा बाहर से बंद देखा। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को शक हुआ। अंदर जाकर देखने पर कमरे में आरती चौधरी का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मकान में घटना हुई वहां अतुल कोरी अपनी मां के साथ रहता था। उसकी मां दो दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने बाहर गई थी। पुलिस को शक है कि मकान खाली होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
घटनास्थल और मृतका के शरीर पर मिले निशानों को देखकर दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की होगी और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस ने आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। अविनाश चमकेल ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस देर से पहुंची।
बताया जा रहा है कि मृतका अपने छोटे बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही थी। वहीं पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
