akhbaar update

जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने ली पहली बैठक, लंबित योजनाओं की मांगी रिपोर्ट



जबलपुर।  विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार को प्राधिकरण कार्यालय में पहली औपचारिक बैठक ली। बैठक में उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय के साथ विभाग की वर्तमान कार्यप्रणाली को समझना था। इस दौरान विभिन्न विभागों के कामकाज और चल रही परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई।

अध्यक्ष संदीप जैन ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर विभागीय कार्यों की जानकारी ली और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के कामकाज और प्रोजेक्ट्स की जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में अध्यक्ष ने शहर विकास से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, उनकी वास्तविक स्थिति रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया है।

प्राधिकरण प्रबंधन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में शहर के बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और तय समय सीमा में काम पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नई टीम का लक्ष्य लंबे समय से अटकी विकास योजनाओं को दोबारा गति देकर शहरवासियों को राहत पहुंचाना बताया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update