जबलपुर। समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं खरीदी व्यवस्था की जांच करने गुरुवार देर रात राघवेंद्र सिंह अचानक गर्रेहा स्थित शकुन वेयर हाउस खरीदी केंद्र पहुंच गए। आधी रात कलेक्टर के पहुंचते ही केंद्र में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मानवेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में गेहूं खुले में पड़ा मिला। किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। मौसम खराब होने और बारिश की संभावना के बीच अनाज खुले में रखने को गंभीर लापरवाही माना गया।
कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से उपजाए गए अनाज की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदे गए गेहूं का जल्द उठाव और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छाया और तौल व्यवस्था बेहतर बनाए रखने को भी कहा।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले के सभी खरीदी केंद्रों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।