जबलपुर। रक्षा उत्पादन क्षेत्र में उत्कृष्ट गुणवत्ता प्रबंधन और आधुनिक कार्य प्रणाली के लिए आयुध निर्माणी खमरिया को प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक क्वालिटी अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
यह सम्मान एक गरिमामय समारोह में निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने ग्रहण किया। इस दौरान अपर महाप्रबंधक कुमार अम्बेडकर भी मौजूद रहे।
यह पुरस्कार आयुध निर्माणी खमरिया को गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादन में उत्कृष्टता, आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग, सुरक्षा मानकों के पालन और लगातार सुधार की दिशा में किए जा रहे कार्यों के लिए दिया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस मान्यता से निर्माणी की उपलब्धियों को नई पहचान मिली है।
मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने इस सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि निर्माणी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आयुध निर्माणी खमरिया उच्च गुणवत्ता और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन के नए मानक स्थापित करने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
यह सम्मान न केवल आयुध निर्माणी खमरिया बल्कि पूरे म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड परिवार के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।