जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना सामने आई है। स्टेशन के बाहर अपने भाई का इंतजार कर रही एक महिला का बैग बाइक सवार दो बदमाश छीनकर फरार हो गए। बैग में नकदी, जेवर और जरूरी कागजात रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रेवती सिलावट उर्फ रेखा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव की रहने वाली हैं और इंदौर के खजूरी बाजार सुभाष चौक में किताबों की दुकान चलाती हैं।
उन्होंने बताया कि 13 मई को वह गोटेगांव से विंध्याचल एक्सप्रेस ट्रेन से मदनमहल स्टेशन पहुंचीं। रात करीब 9 बजे वह प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बाहर ओवरब्रिज के नीचे खड़ी होकर अपने भाई हरेंद्र पटेल का इंतजार कर रही थीं। उनके पास एक कत्थई रंग का हैंडबैग था।
इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों आरोपी लिंक रोड की तरफ भाग निकले। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।
पीड़िता ने बताया कि बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सोने के कान के बाले, चेन, चांदी की पायल और करीब 15 हजार रुपए नकद रखे थे।
महिला बाइक का नंबर नहीं देख सकीं। उन्होंने बताया कि दोनों युवक करीब 23 से 25 साल के थे और पीछे बैठे युवक ने कपड़े से आधा चेहरा ढंक रखा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।