akhbaar update

“जो श्रद्धा हो इनको दे दो…”: तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में रिश्वत कांड, रीडर गिरफ्तार



जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की जबलपुर टीम ने गुरुवार को तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए रीडर को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद अब मामले में एसडीएम की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।

बताया जा रहा है कि रिश्वत मामले की जांच के दौरान जो वॉयस रिकॉर्डिंग सामने आई है, उसमें कथित तौर पर पूजा सोनी की आवाज भी सुनाई दे रही है। रिकॉर्डिंग में कथित रूप से कहा गया, “जो श्रद्धा हो इनको दे दो।” अब इसी रिकॉर्डिंग को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जानकारी के अनुसार एसडीएम के वॉयस सैंपल लिए जाएंगे और उन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। यदि आवाज का मिलान होता है, तो एसडीएम पर भी कार्रवाई हो सकती है।

ईओडब्ल्यू के मुताबिक तेंदूखेड़ा निवासी संजय राय ने लिखित शिकायत दी थी कि वह कॉलोनाइजर हैं। उन्होंने कॉलोनी निर्माण का नक्शा प्रस्तावित करने के लिए एसडीएम कार्यालय में स्थल निरीक्षण रिपोर्ट लगाने हेतु आवेदन किया था। आवेदन देने के बाद बिना वजह काम में देरी की जा रही थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने एसडीएम कार्यालय के रीडर सौरभ यादव से संपर्क किया, तो उसने काम कराने के बदले 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों का सत्यापन किया, जिसमें मामला सही पाया गया।

इसके बाद गुरुवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एसडीएम कार्यालय में छापा मारा और सौरभ यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल ईओडब्ल्यू मामले की आगे जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update