जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की जबलपुर टीम ने गुरुवार को तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में कार्रवाई करते हुए एक स्टेनो को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी कॉलोनाइजर से टीएनसीपी की रिपोर्ट भेजने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
ईओडब्ल्यू के अनुसार तेंदूखेड़ा निवासी संजय राय ने लिखित शिकायत दी थी कि वह कॉलोनाइजर हैं। उन्होंने कॉलोनी निर्माण का नक्शा प्रस्तावित करने के लिए एसडीएम कार्यालय में स्थल निरीक्षण रिपोर्ट लगाने हेतु आवेदन दिया था, लेकिन आवेदन के बाद बिना वजह काम में देरी की जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने एसडीएम कार्यालय के स्टेनो सौरभ यादव से बात की, तो उसने काम कराने के बदले 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।
ईओडब्ल्यू टीम ने शिकायत का सत्यापन किया। कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद गुरुवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पूजा सोनी के कार्यालय में छापा मारा और सौरभ यादव को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
ईओडब्ल्यू द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।