akhbaar update

हनी ट्रैप मामले में सागर से महिला आरोपी हिरासत में, भाजपा प्रकोष्ठ से जुड़ा नाम आने से मचा हड़कंप

 


सागर/इंदौर। शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह उर्फ चिंटू ठाकुर से जुड़े चर्चित हनी ट्रैप मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक और महिला आरोपी को सागर से हिरासत में लिया है। पुलिस ने रेशू उर्फ अभिलाषा चौधरी को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रेशू इस कथित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क की अहम कड़ी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा के एक प्रकोष्ठ में पदाधिकारी भी रह चुकी है।

इससे पहले पुलिस मामले की मुख्य आरोपी श्वेता विजय जैन, महिला शराब तस्कर अलका दीक्षित, उसके बेटे जयदीप, प्रॉपर्टी कारोबारी लाखन चौधरी और हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को हिरासत में ले चुकी है। क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी के मुताबिक जांच में सामने आया है कि रेशू, अलका और श्वेता मिलकर प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाने की योजना बनाते थे।

पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कुछ ऑडियो और वीडियो फाइलें भी मिली हैं। अब पुलिस कथित हनी ट्रैप से जुड़े वीडियो, ऑडियो और अन्य डिजिटल सबूत जुटाने में लगी है। वहीं हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा से भी देर रात तक पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार श्वेता विजय जैन की दोस्ती जेल में अलका दीक्षित से हुई थी। कोर्ट पेशी के दौरान रेशू भी अलका से मिलने पहुंचती थी। इसी दौरान कथित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क तैयार किया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update