जबलपुर - नरेंद्र मोदी ने आज सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए और युवाओं को संबोधित किया।
जबलपुर में इसका क्षेत्रीय कार्यक्रम मदन महल स्थित उत्सव रेल सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ। यहां कुल 211 सफल अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इस आयोजन में रेल मंडल के 180 युवाओं के साथ डाक, बैंक और रक्षा विभाग सहित अन्य केंद्रीय सरकारी संस्थानों के 31 चयनित अभ्यर्थियों को सेवा पत्र प्रदान किए गए।
रोजगार मेले के तहत भारतीय रेलवे में सहायक लोको पायलट, जूनियर इंजीनियर, टेक्नीशियन, हेल्पर और ट्रेन मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां दी जा रही हैं। चयनित अभ्यर्थी रेलवे की कार्यप्रणाली को और अधिक गति देंगे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और सरकारी तंत्र में कार्यकुशलता बढ़ाना है।