जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन से मंगलवार 7 अप्रैल को गाड़ी संख्या 13379/13380 धनबाद–एलटीटी (मुंबई) एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू किया गया। यह क्षेत्र के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्र और विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल मौजूद रहे। साथ ही सीनियर डीसीएम-2 शशांक गुप्ता, एडीईएन रतनलाल मीना सहित रेलवे के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस ट्रेन के शुरू होने से अब ब्यौहारी क्षेत्र को मुंबई (एलटीटी) और धनबाद जैसे बड़े शहरों से सीधा रेल संपर्क मिल गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापार, शिक्षा व रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। यह ट्रेन बरगवां, ब्यौहारी, कटनी साउथ, जबलपुर, नरसिंहपुर और पिपरिया स्टेशनों पर रुकते हुए चलेगी।
ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसी, स्लीपर, जनरल और दिव्यांगजन कोच शामिल हैं। कार्यक्रम में शशांक गुप्ता ने सभी अतिथियों और नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे हमेशा यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित यात्रा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। लंबे समय से इस ट्रेन की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन विकास का एक माध्यम बनेगी और लोगों को बड़े शहरों से जोड़कर कई नए अवसर देगी।
वहीं विधायक शरद जुगलाल कोल ने भी खुशी जताते हुए कहा कि इस सुविधा से खासकर विद्यार्थियों, मजदूरों और व्यापारियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में एडीईएन रतनलाल मीना ने सभी का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम का समापन खुशी और तालियों के साथ हुआ।