जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटना 24 अप्रैल की रात की है, जब एक 26 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नीची नुनसर निवासी प्रहलाद चढार (61) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके बेटे मनीष चढार के साथ गांव के विवेक पटेल, अभिषेक पटेल और पारस उर्फ कान्हा पटेल ने मारपीट की। दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि आरोपी उनके बेटे को गांव में बरगद के पेड़ के पास पीट रहे हैं।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से मनीष के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि मारपीट के दौरान गमछा गले में डालकर उसे खींचा गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन घायल मनीष को घर ले आए, जहां शाम करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई है, जो आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।