जबलपुर। प्रशासन ने रसोई गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए नई योजना लागू की है। इसके तहत अब कोई भी व्यक्ति गैस की कालाबाजारी की सही जानकारी देता है तो उसे आर्थिक रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
यह पहल जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और व्यावसायिक उपयोग में हो रही गड़बड़ियों को खत्म करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस संबंध में पुष्पेंद्र अहके ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सही सूचना पर मिलेगा इनाम
प्रशासन के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारी सही साबित होती है और उसके आधार पर गैस सिलेंडर जब्त किए जाते हैं, तो सूचना देने वाले को उनकी कुल कीमत का 25 प्रतिशत इनाम दिया जाएगा। हालांकि, इस राशि की अधिकतम सीमा 5 हजार रुपये तय की गई है।
पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी, ताकि किसी तरह की परेशानी या जोखिम न हो।
इन नंबरों पर दें सूचना
कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी देने के लिए
8878038092 (एलपीजी नोडल अधिकारी)
9584319092 (कंट्रोल रूम)
लगातार जारी है कार्रवाई
प्रशासन पहले से ही ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी कर रहा है। अब इस नई योजना से आम लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और अवैध गतिविधियों पर और प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।