जबलपुर। अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गोरखपुर थाना पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर अवैध शराब का कारोबार करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 72 पाव देशी शराब, 2 हजार रुपये नकद, एक तलवार, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक एक्सिस वाहन जब्त किया है।
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि पुलिस टीम पेट्रोलिंग के दौरान छोटी लाइन क्षेत्र में एक एक्सिस वाहन में सवार दो युवकों को देख संदेह हुआ। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके बैग से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से एक अन्य व्यक्ति के कहने पर शराब की सप्लाई का काम कर रहे थे और इसके बदले उन्हें रोजाना पैसे मिलते थे।
मामले में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी को भी हिरासत में लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक तलवार बरामद की गई। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पहले से भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रावेन्द्र तिवारी तथा आरक्षक अर्पित और दीपक भदौरिया की सराहनीय भूमिका रही।
