जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घुमा निवासी सचिन बीती रात अपने मामा के घर जा रहे था। जब वे नेशनल हाईवे पर अभनपुर पहाड़ी (सिल्वा) के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन उइके गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि उनकी हालत गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बरगी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।