जबलपुर। शहर में लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को बीयर खरीदना भारी पड़ गया। वह अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर बीयर लेने शराब दुकान में गया और चाबी कार में ही छोड़ दी। कुछ मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी कार गायब थी।
लॉर्डगंज थाना पुलिस के अनुसार, कमानिया गेट निवासी संजय राहुल जैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि शनिवार देर रात वह रानीताल क्षेत्र से गुजर रहे थे। उजारपुरवा में उन्होंने अपनी सैंट्रो कार (एमपी 15 सीए 7087) सड़क किनारे खड़ी की और बीयर लेने पास की शराब दुकान में चले गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जल्दबाजी में वह कार की चाबी वाहन में ही छोड़ गए। जब कुछ देर बाद वापस लौटे तो मौके पर कार नहीं थी। आसपास तलाश और लोगों से पूछताछ करने पर भी कार का कोई पता नहीं चला।
पीड़ित ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि चोरी हुई कार की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
लॉर्डगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार चुराने वाले आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वाहन खड़ा करते समय कभी भी चाबी वाहन में छोड़कर न जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।