लुधियाना/जबलपुर - रेलवे स्टेशन पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि भारतीय रेलवे की ट्रेन के गार्ड ने चलती ट्रेन से एक पालतू कुत्ते को नीचे फेंक दिया। घटना के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और मामले की शिकायत रेल मंत्रालय तक पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार, मोगा निवासी हरप्रीत कौर अपने पालतू लैब्राडोर कुत्ते ‘ब्रूनो’ को जबलपुर में अपनी बेटी के ससुराल भेजना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने एनिमल ट्रांसपोर्टर संजय से संपर्क किया।
संजय ने बताया कि कुत्ते के मेडिकल दस्तावेज, बिल्टी और अन्य जरूरी कागजात तैयार कराए गए थे। कुत्ते की बुकिंग श्रीमाता वैष्णोदेवी-जबलपुर एक्सप्रेस में कराई गई थी। कुत्ते को गार्ड डिब्बे में पिंजरे में रखा गया था और उसके लिए पानी व खाने की व्यवस्था भी की गई थी।
संजय के मुताबिक, ट्रेन लुधियाना स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद उसे जानकारी मिली कि गार्ड ने कुत्ते को ट्रेन से नीचे उतार दिया है। आरोप है कि गार्ड ने कहा कि उसे कुत्ते का चालान नहीं मिला था।
संजय ने बताया कि उसने चलती ट्रेन से छलांग लगाकर कुत्ते को बचाने की कोशिश की, जिसमें उसे चोट भी आई। जब वह कुत्ते के पास पहुंचा तो वहां आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया था।
महिला हरप्रीत कौर ने कहा कि उन्होंने ब्रूनो को बच्चों की तरह पाला है। रेलवे अधिकारियों की लापरवाही के कारण कुत्ता जबलपुर नहीं पहुंच सका और उसे वापस मोगा लाना पड़ा। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।