तमिलनाडु - राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। शुक्रवार को वामपंथी दलों CPI और CPI(M) ने विजय को समर्थन देने का ऐलान किया, जिससे बहुमत का आंकड़ा पूरा होता नजर आ रहा है।
तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। TVK ने चुनाव में 108 सीटें जीती हैं। कांग्रेस, CPI, CPI(M) और अन्य दलों के समर्थन के बाद विजय का दावा मजबूत हो गया है।
बताया जा रहा है कि विजय लगातार तीसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। इससे पहले राज्यपाल ने बहुमत साबित करने के लिए समर्थन पत्र मांगे थे।
इधर, कांग्रेस के समर्थन के बाद DMK और कांग्रेस के रिश्तों में दरार की खबरें भी सामने आ रही हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में DMK और AIADMK के संभावित गठबंधन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, विजय की संभावित कैबिनेट में सहयोगी दलों को भी जगह मिल सकती है। वहीं उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अभी चर्चा जारी है।
इस बीच चेन्नई स्थित राजभवन के बाहर TVK समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। समर्थकों का आरोप है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद सरकार बनाने में देरी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।