akhbaar update

पाटन के पास बस और एंबुलेंस की भिड़ंत, युवक की मौत, 10 घायल

 



जबलपुर से अहमदाबाद जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने शनिवार शाम पाटन क्षेत्र में एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मरीज और चालक सहित 10 लोग घायल हो गए। इनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नोनी निवासी सौरभ पटेल अपने घायल भाई को इलाज के लिए डायल 108 एंबुलेंस सेवा से पाटन अस्पताल ले जा रहे थे। एंबुलेंस जैसे ही पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस क्रमांक AP11-D7775 ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सौरभ पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो जबलपुर से अहमदाबाद जा रहे थे।

सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बस चालक को हिरासत में लेकर बस जब्त कर ली गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहपुरा के पास पुल टूटने के कारण ट्रैफिक पाटन-शहपुरा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। सड़क संकरी होने के बावजूद भारी वाहन तेज गति से गुजर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update