akhbaar update

मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक का इंतजार, 31 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 




भोपाल। मध्य प्रदेश में अलग-अलग मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 31 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में बादल और बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। हालांकि, 18 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।

प्री-मानसून में 29 फीसदी कम बारिश

प्रदेश में इस बार प्री-मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 15 जून तक जहां औसतन 31.9 मिमी बारिश होना चाहिए थी, वहीं केवल 22.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 29 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 51 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

इन जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, देवास, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में आंधी और बारिश की संभावना है।

इन जिलों में गर्मी का असर रहेगा

इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

इन शहरों में रहा तापमान

सोमवार को खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नौगांव, दतिया, दमोह और सतना में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। वहीं भोपाल में 34.5, इंदौर में 37.1, उज्जैन में 38, जबलपुर में 38.7 और ग्वालियर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और जल्द ही प्रदेश में बारिश का दौर तेज होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update