जबलपुर - बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम हुल्की में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रभु ढाबा के सामने दाल से भरे ट्रक के पीछे बस टकरा गई। हादसे में बस में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक प्रमोद कुमार ठाकुर निवासी देवरीकला छपारा ट्रक में अमरावती से राहर दाल लेकर कटनी जा रहा था। जब ट्रक ग्राम हुल्की स्थित प्रभु ढाबा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही बस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रक के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी।
बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक में लोड तुअर दाल की कई बोरियां सड़क पर फटकर बिखर गईं।
हादसे में बस कंडक्टर राजपाल सिंह, मोहम्मद साहिल, कीर्ति सिंह और मनीष कुमार घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एम्बुलेंस द्वारा मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान एक की मौत
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने राजपाल सिंह (45) निवासी देवघटा थाना कोतवाली जिला सीधी को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद लगा जाम
दुर्घटना के बाद बरगी रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।