akhbaar update

गरूड़ दल का डॉमिनोज़ पिज्जा सेंटर पर छापा, मिली कई अनियमितताएं

 



जबलपुर - तिलहरी स्थित डॉमिनोज़ पिज्जा सेंटर में शनिवार को जिला प्रशासन के गरूड़ दल ने अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने पिज्जा बनाने में इस्तेमाल हो रही खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मौसमी केवट के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पाया गया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक ही जगह रखी गई थी। साथ ही दोनों तरह के खाद्य पदार्थ एक ही ओवन में तैयार किए जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान ओवन और स्टोर में गंदगी भी मिली।


सुरक्षा व्यवस्था में भी लापरवाही

जांच में यह भी सामने आया कि बिजली पैनल के पास रसोई गैस सिलेंडर रखे गए थे। अग्निशमन यंत्र भी ऐसी जगह रखा था जहां जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल नहीं किया जा सके। सेंटर में आपातकालीन निकास मार्ग भी नहीं मिला।

कर्मचारियों के दस्तावेज अधूरे

निरीक्षण के दौरान लाइसेंस में दर्ज व्यक्ति प्रभाकरण कुमार सेंटर में मौजूद नहीं पाए गए। यहां काम करने वाले छह कर्मचारियों में से केवल एक का मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध था। इसके अलावा खाद्य सामग्री और पानी की एनएबीएल लैब रिपोर्ट भी नहीं मिली।

नोटिस जारी करेगा प्रशासन

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मौसमी केवट ने बताया कि मिली अनियमितताओं को लेकर डॉमिनोज़ पिज्जा सेंटर को नोटिस जारी किया जाएगा। इस कार्रवाई में गोरा बाजार थाना प्रभारी संजीव त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता और पटवारी प्रशांत बंसोड़ भी शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update